करीमुद्दीनपुर/गाजीपुर। पूर्वांचल की माटी की खुशबू और पारिवारिक मूल्यों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली भोजपुरी फिल्म “कवन कसूर” का बहुप्रतीक्षित प्रीमियर जुलाई माह में गाजीपुर के सुहासिनी थिएटर में होने जा रहा है। इस अवसर पर फिल्म की पूरी टीम ने गाजीपुर के लोगों, अभिभावकों, शुभचिंतकों और दर्शकों से फिल्म को अपना आशीर्वाद और प्यार देने की अपील की है।
इस फिल्म के लेखक एवं निर्देशक राधेश्याम राय हैं, जो गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र के अंतर्गत खरडीहा गांव के निवासी हैं। पत्रकारिता और सिनेमा दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुके राधेश्याम राय वर्तमान में भारत एक्सप्रेस न्यूज चैनल में डायरेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राधेश्याम राय ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली से साहित्य और सिनेमा पर शोध करने के बाद मुंबई में पटकथा लेखक और सहायक निर्देशक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने अपनी पहली भोजपुरी फीचर फिल्म “कवन कसूर” का निर्देशन किया, जिसकी पटकथा उन्होंने शिवराज देवल के साथ मिलकर लिखी है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी अधिकांश शूटिंग गाजीपुर सहित पूर्वांचल के ग्रामीण इलाकों में की गई है। करइल क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, गांवों का जीवन, स्थानीय संस्कृति और भोजपुरी माटी की असली खुशबू को पर्दे पर बेहद सजीव ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इससे दर्शकों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ाव का विशेष अनुभव मिलेगा।
“कवन कसूर” एक पारिवारिक और सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म है। इसकी कहानी दो परिवारों की गहरी दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गलतफहमी के कारण दुश्मनी में बदल जाती है। फिल्म रिश्तों, विश्वास, सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
फिल्म का संगीत परशुराम केशरी ने लिखा है, जबकि संगीत निर्देशन हर्ष राज हर्ष ने किया है। फिल्म के गीत पहले ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं और इसके टीजर को भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
राधेश्याम राय का मानना है कि “कवन कसूर” भोजपुरी सिनेमा को उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए एक नई दिशा देने का प्रयास है। फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश भी देती है।
अब गाजीपुरवासियों को अपने ही जिले के लाल की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का इंतजार है, जो जुलाई में सुहासिनी थिएटर के बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है।

