गाजीपुर। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाली ग्राम चौपाल अब ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनती जा रही है। मंगलवार को विकास खंड देवकली की ग्राम पंचायत पियरी में आयोजित ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने देर शाम तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। जनसुनवाई का सिलसिला शाम करीब 7 बजे तक बिजली की रोशनी में चलता रहा। पेंशन, राजस्व, भूमि विवाद, आवास, प्रमाण-पत्र तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुनवाई की। राजस्व संबंधी कई विवादों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्राम पंचायत पियरी में कराए गए विकास कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया गया है, जो अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
ग्राम पंचायत में 35 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है, जबकि 5 लाभार्थियों को शौचालय योजना से लाभान्वित किया गया। मनरेगा के अंतर्गत पुराने कार्यों को गति दी जा रही है तथा वृक्षारोपण अभियान भी तेजी से संचालित हो रहा है। विद्यालय परिसर में भी विभिन्न विकास कार्य संतोषजनक ढंग से पूरे किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी पंचायत की प्रगति उल्लेखनीय रही। 70 वर्ष से अधिक आयु के 25 बुजुर्गों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष 134 पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी शीघ्र बनवाने की प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई। जिन पात्र लोगों का नाम सूची में नहीं था, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द योजना से जोड़ने का आश्वासन दिया गया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव में ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत पियरी में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ग्रामीण विकास की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव है।
ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने की पियरी ग्राम पंचायत की सराहना, कहा— विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में बना है मिसाल
Related Posts
Add A Comment

