गाजीपुर। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना क्षेत्र के मलसा ग्राम सभा में विभागीय सुस्ती के कारण सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व शुरू हुआ पानी टंकी निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका, जिससे गांव में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी का निर्माण अधूरा होने के कारण ग्रामीण आज भी हैंडपंप एवं अन्य उपलब्ध जल स्रोतों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष वर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है और कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाती, तो लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। अब इस मुद्दे को लेकर जिले के उच्च अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
ग्रामीणों ने विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि अधूरा निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लोगों तक पहुंच सके और गांववासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
यदि ग्रामीणों के आरोप सही हैं, तो यह मामला संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

