निगोहां लखनऊ ,शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। निगोहां थाना क्षेत्र के गौतमखेड़ा निवासी एक युवक ने होने वाली ससुराल पक्ष पर घर जमाई बनने का दबाव बनाने, शादी का पूरा खर्च उठाने की मांग करने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। युवक ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए थाना निगोहां में प्रार्थना पत्र दिया है।पीड़ित युवक के मुताबिक उसका विवाह नगराम थाना क्षेत्र के ग्राम डिघारी निवासी युवती से आगामी 13 मई 2026 को तय हुआ है। युवती का परिवार वर्तमान में कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में भी निवास कर रहा है। युवक ने बताया कि एक मई को उसके गांव गौतमखेड़ा स्थित घर पर गोद भराई और बरीक्षा कार्यक्रम बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में दोनों पक्षों के रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद रहे। पारंपरिक रस्मों के दौरान युवक ने होने वाली दुल्हन को करीब 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की चांदी की पायल और सोने की झुमकी भेंट की थी।युवक का आरोप है कि बरीक्षा कार्यक्रम के बाद अचानक कन्या पक्ष का व्यवहार बदल गया। पहले उस पर घर जमाई बनने का दबाव बनाया गया और बाद में शादी में होने वाले पूरे खर्च की जिम्मेदारी उठाने की बात कही जाने लगी। युवक के अनुसार जब उसने इन शर्तों पर आपत्ति जताई तो उसे फोन पर अपमानित किया जाने लगा और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि शादी तय होने के समय बारात ग्राम डिघारी लाने की बात कही गई थी, लेकिन अब लग्न चढ़ने के बाद अचानक बारात कानपुर लाने का दबाव बनाया जा रहा है। युवक का कहना है कि लगातार बदलती शर्तों और दबाव के चलते उसका पूरा परिवार तनाव में है और शादी को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।युवक ने पुलिस को बताया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है और वह खुद को असहाय महसूस कर रहा है। उसने आशंका जताई कि यदि समय रहते मामले में हस्तक्षेप नहीं किया गया तो विवाद और बढ़ सकता है। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शादी जैसे पवित्र रिश्तों में लगातार नई शर्तें और आर्थिक दबाव दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि रिश्तों में विश्वास और पारदर्शिता की कमी ऐसे मामलों को जन्म दे रही है।वहीं इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि युवक की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घर जमाई बनो, पूरा खर्च उठाओ तभी होगी शादी, शादी से पहले बढ़ा विवाद, युवक ने पुलिस से लगाई गुहार
Related Posts
Add A Comment

