चोपन/सोनभद्र (18 जुलाई 2026)। धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में विख्यात चोपन नगर एक बार फिर भक्ति, वैदिक परंपराओं और सनातन संस्कृति की दिव्य आभा से आलोकित होने जा रहा है। चोपन ग्राम सभा (वार्ड नंबर 1) में सोन नदी के सुरम्य तट पर स्थित सिद्धपीठ मां मेड़र माई मंदिर परिसर में आगामी 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विश्व शांति महायज्ञ एवं श्रीराम कथा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस विराट धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह का माहौल है।
आयोजन समिति के अनुसार, इस आठ दिवसीय महोत्सव का भव्य शुभारंभ 20 जुलाई को प्रातः 9:00 बजे कलश यात्रा एवं दिव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा चोपन बैरियर से वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ प्रारंभ होगी। नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह यात्रा अल्ट्राटेक पानी टंकी परिसर स्थित मां मेड़र माता मंदिर पहुंचेगी, जिससे पूरा नगर भक्तिमय रस में सराबोर हो जाएगा। महोत्सव के तहत प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक वृन्दावन के सुप्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य दिलीप महाराज जी के श्रीमुख से श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, त्याग, धर्म और लोक कल्याण के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवनोपयोगी प्रेरणा दी जाएगी। यह अनुष्ठान विश्व महा कल्याण और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ किया जा रहा है। जो भी भक्तजन इस पुण्य कार्य के भागी बनना चाहते हैं, वे अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सीधे यज्ञशाला में आकर हवन सामग्री व अन्य सहयोग समर्पित कर सकते हैं। शिवकुमार पहाड़ी बाबा (धर्माचार्य व मुख्य आयोजक)
यह आयोजन स्थल प्राकृतिक और आध्यात्मिक सौंदर्य का अनूठा उदाहरण है। सोन नदी के पावन किनारे बने मेड़र माई दरबार से ठीक सामने ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंगेश्वर धाम का विहंगम नजारा दिखाई देता है, जो अक्सर बादलों की ओट में घिरा रहता है।चूंकि आयोजन स्थल सोन नदी के ठीक तट पर स्थित है और वर्षा ऋतु के कारण नदी का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए आयोजन समिति ने सुरक्षा के दृष्टिगत सख्त निर्देश जारी किए हैं। समिति ने कथा और यज्ञ में आने वाले सभी श्रद्धालुओं व आम लोगों से पुरजोर अपील की है कि कोई भी व्यक्ति या बच्चा सोन नदी के गहरे पानी की तरफ न जाए और पूरी सावधानी बरतें। विश्व हिंदू महासंघ के धर्माचार्य प्रकोष्ठ के जिलाअध्यक्ष शिवकुमार पहाड़ी बाबा के संयोजन में चल रहे इस महाअनुष्ठान को भव्य रूप देने के लिए क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और युवा दिन-रात परिश्रम कर रहे हैं। कार्यक्रम के संरक्षक मंडल में मुख्य रूप से शामिल हैं। राजा मिश्रा, नागेश्वर गौड़,
सुनील सिंह, श्यामा चरण गिरी, राजकुमार यादव, संतोष साहनी, आयोजन समिति ने समस्त सोनभद्र और चोपन क्षेत्र के सनातनी भाई-बहनों से अपील की है कि वे सपरिवार इस धार्मिक महाकुंभ में सम्मिलित होकर श्रीराम कथा का पुण्य लाभ उठाएं और विश्व शांति के इस यज्ञ में आहुति दें।
चोपन में 20 जुलाई से गूंजेगी श्रीराम कथा विश्व शांति महायज्ञ की तैयारियां पूरी, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में रंगेगा नगर
Related Posts
Add A Comment

