हापुड़( मनीष कुमार) अमावस्या के पावन पर्व पर ब्रजघाट गंगा तट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन-स्नान सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ ब्रजघाट के विभिन्न गंगा घाटों का बारीकी से निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व गोताखोरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गंगा स्नान करने आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद करते हुए अपील की कि वे किसी भी सूरत में गहरे पानी में न जाएं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा नदी में बैरिकेडिंग की गई है। कोई भी श्रद्धालु इस बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश न करे। जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर के अधिशासी अधिकारी को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा रहती है, इसलिए निरंतर साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। कूड़े-कचरे के निस्तारण के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े

