गाजीपुर, 09 जुलाई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गुरुवार को जनपद की सभी अस्थायी एवं स्थायी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य गौवंशों के संरक्षण, समुचित भरण-पोषण, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा शासन के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का सत्यापन करना रहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर प्रत्येक बिंदु का तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी कोई कमी या अनियमितता मिले, उसका उल्लेख निरीक्षण आख्या में करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध ढंग से विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय ने बिरनो गौ-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। वहीं परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी तथा सभी खंड विकास अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों की गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, जलभराव व कीचड़ की स्थिति, हरे चारे की उपलब्धता और गुणवत्ता, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा गौसेवकों के मानदेय भुगतान, उपस्थिति और गौशालाओं के संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि गौशालाओं में नियमित सफाई, पर्याप्त एवं पौष्टिक हरे चारे की निरंतर उपलब्धता तथा गौवंशों के लिए बेहतर सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौवंश संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिले की सभी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
Related Posts
Add A Comment

