गाजीपुर। जिले के सैदपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत भीरा बलुआ गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में मां और बेटी की करंट लगने से मौत हो गई। बिजली के पोल के स्टेप वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से पहले मां और फिर उसे बचाने गई बेटी की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीरा बलुआ गांव निवासी सीमा यादव (45 वर्ष), पत्नी रामअवतार यादव सुबह किसी कार्य से घर के बाहर निकली थीं। इसी दौरान वह बिजली के पोल के स्टेप वायर में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह मौके पर ही तड़पने लगीं।
मां को तड़पता देख उनकी 15 वर्षीय पुत्री खुशी यादव उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर सैदपुर एसडीएम और कोतवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
सैदपुर कोतवाल ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा करंट उतरने के कारणों की भी जांच कराई जा रही है।

