भाजपा जखनिया मंडल प्रथम के बूथ संख्या 242 पर भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमोद वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान राष्ट्रवादी, शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और अखंड भारत के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि मात्र 33 वर्ष की आयु में कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बनने का गौरव प्राप्त करने वाले डॉ. मुखर्जी शिक्षा को भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों से जोड़कर देखना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए डॉ. मुखर्जी ने ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका प्रसिद्ध नारा, “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। प्रमोद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद डॉ. मुखर्जी के सपनों का भारत साकार होता दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में कुल भास्कर पांडेय, सोमन वर्मा, राजेश जायसवाल, बिंदु गुप्ता, वरुण पांडेय, अशोक कुशवाहा, प्रकाश राजभर, शैलेंद्र, पंकज, पियूष सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

