गाजीपुर, मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। गलत दिशा से आ रहे एक ट्रेलर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसमें कार चालक बाल-बाल बच गया।
यह घटना डांगराहा गांव के पास मुख्य हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, नितेश पाण्डेय अपनी चारपहिया वाहन से वाराणसी से मऊ की ओर जा रहे थे। तभी मऊ से गाजीपुर की तरफ गलत लेन में जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, नितेश पांडे सूझबूझ और किस्मत के चलते सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दोनों वाहनों के सड़क पर खड़े होने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही मरदह पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। पुलिस ने आरोपी चालक द्वारा छोड़े गए ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

