भदोही:–आगामी 28 जून से प्रारम्भ होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस अभियान कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पल्स पोलियो टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस आयोजित होगा, जबकि 29 जून से 03 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 06 जुलाई को बी-टीम गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों एवं अन्य अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। रेलवे स्टेशन, बस एवं टैम्पो स्टैंड, प्रमुख चौराहों तथा मेलों में विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की तैनाती कर अधिकाधिक बच्चों तक पहुंच बनाई जाए। उन्होंने अभियान के दौरान प्रतिदिन ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर छूटे हुए बच्चों का तत्काल आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया, वाल राइटिंग, जन-जागरूकता रैलियों, माइकिंग, डिजिटल स्क्रीन, होर्डिंग्स एवं स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए पल्स पोलियों कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मिशन मोड में कार्य करते हुए जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष पात्र बच्चों एवं बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय, जिला अस्पताल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
28 जून से शुरू होगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, एक भी बच्चा न छूटे
Related Posts
Add A Comment

