दुल्लहपुर, गाजीपुर।
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब समाजवादी छात्र सभा के जखनिया विधानसभा अध्यक्ष पंकज यादव को लखनऊ में आयोजित पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जाने से पुलिस ने रोक दिया। बताया जाता है कि वह शिक्षक विवेक सर के नेतृत्व में लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रवाना होने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 7:30 बजे से ही पुलिस बल पंकज यादव के आवास पर पहुंच गया और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया गया। देर शाम तक पुलिसकर्मी उनके घर पर तैनात रहे, जिसके कारण वह प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सके।
इस संबंध में पंकज यादव ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने छात्रों और युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है और युवा अपने अधिकारों तथा बेहतर भविष्य के लिए आवाज उठाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें घर में ही रोक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता पंकज यादव के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन की संज्ञा दी।
मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं सपा नेता गरीबों राम, समाजवादी शिक्षक सभा के विधानसभा अध्यक्ष संतोष यादव, विधानसभा अध्यक्ष राजू यादव, सपा नेता अखिलेश यादव, पूर्व विधायक पुत्र विनीत कुमार, उज्जवल उर्फ राजा तथा बृजेश यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय समाजवादी नेताओं ने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्र में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।
पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे सपा छात्र नेता को पुलिस ने रोका, घर पर दिनभर रही निगरानी
Related Posts
Add A Comment

