(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में गुरुवार सुबह कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, राजापुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव (30) पुत्र स्व. फौजदार यादव रायपुर बाजार स्थित विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्रा. लि. में कर्मचारी थे। बुधवार की रात वह कंपनी के प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम से लौटे थे। दोनों कार्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर सोए थे।
गुरुवार सुबह करीब आठ बजे प्रबंधक धर्मेंद्र यादव नित्यक्रिया के लिए नीचे स्थित कार्यालय में पहुंचे तो उन्होंने इंद्रजीत यादव का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका देखा। मृतक के दोनों पैर मुड़कर पास रखी मेज पर टिके हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बताया गया कि मृतक के पिता का निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनका पालन-पोषण बड़े पिता ने किया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। बड़े पिता कान्ता यादव, बड़ी मां सावित्री देवी और माता सुनरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
Related Posts
Add A Comment
