गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर/ मानवता और सतर्कता का परिचय देते हुए एक बच्चे की जान बचाने के प्रयास में उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (एसआई) की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना गुरुवार दोपहर लगभग 2:30 बजे नरही थाना क्षेत्र के उत्तमपुर गांव के समीप हुई। हादसे में वाहन सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक बड़ा हादसा टल गया।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरही क्षेत्र के पैतृक गांव से मुनेंद्र कुमार राय अपने परिवार के साथ निजी वाहन क्रेटा से वाराणसी जा रहे थे। मुनेंद्र कुमार राय नवंबर माह में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में वाराणसी स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ निवास करते हैं।।
बताया जाता है कि जब उनकी कार उत्तमपुर गांव के पास पहुंची, तभी अचानक एक बच्चा सड़क पर आ गया। बच्चे को सामने देखकर चालक ने तत्काल वाहन को नियंत्रित करते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।।
घटना की सूचना मिलते ही राजापुर के वरिष्ठ समाजसेवी मृत्युंजय कुमार राय तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा उनके उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनकी तत्परता और सामाजिक सरोकार की क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की।।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते वाहन चालक ने सूझबूझ न दिखाई होती तो बच्चा गंभीर दुर्घटना का शिकार हो सकता था। हालांकि बच्चे को सुरक्षित बचाने के प्रयास में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, लेकिन सभी की जान सुरक्षित रहने से लोगों ने राहत की सांस ली।।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने भी अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को व्यस्त सड़कों के आसपास अकेले न छोड़ें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।।
फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उनका उपचार जारी है। क्षेत्र में इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही, वहीं लोगों ने इसे सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

