गाजीपुर। जनपद में आगामी सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों ने भाग लिया।।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सावन, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पर्वों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।।
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा साइबर सेल एवं स्थानीय पुलिस लगातार सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए रखे।।
कांवड़ यात्रा मार्गों, मोहर्रम जुलूसों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, वायरलेस सेट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने को कहा गया।।
जिलाधिकारी ने विद्युत, स्वास्थ्य, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम के अधिकारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी आयोजनों के दौरान शांति समिति की बैठकों को सक्रिय रखा जाएगा तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के सहयोग से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखा जाएगा।।।
अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करें, जिससे सावन, कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम के आयोजन जनपद में पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न हो सकें।

