बेल्थरा रोड (बलिया)। बेल्थरा रोड क्षेत्र के मझौलिया गांव निवासी रुपेश यादव पुत्र राजेश यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती-2025 के अंतिम परिणाम में प्रदेश स्तर पर 50वीं रैंक प्राप्त कर बलिया जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रुपेश यादव की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली बड़ागांव से हुई। उन्होंने वर्ष 2016 में हाईस्कूल तथा वर्ष 2018 में इंटरमीडिएट की परीक्षा इसी विद्यालय से उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2021 में बांके बहादुर पीजी कॉलेज, मुजौना (बलिया) से स्नातक (बी.ए.) की डिग्री प्राप्त की।
रुपेश की सफलता का सफर पहले भी चर्चा में रहा है। वर्ष 2024 की उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में उन्होंने बलिया जिले में सर्वोच्च स्थान (जिला टॉपर) प्राप्त किया था। चयन के बाद उनका पुलिस प्रशिक्षण बस्ती में हुआ तथा मई 2026 में उनकी पहली नियुक्ति सदर कोतवाली, बस्ती में हुई।
पुलिस सेवा में रहते हुए भी रुपेश ने अपनी पढ़ाई और एसआई भर्ती की तैयारी जारी रखी। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर उन्होंने अंतिम चयन सूची में प्रदेश में 50वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर हैं। परिजनों के अनुसार रुपेश शुरू से ही पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति गंभीर एवं अनुशासित रहे हैं।
रुपेश यादव की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता बेल्थरा रोड और बलिया के युवाओं के लिए प्रेरणा है तथा विश्वास जताया कि वह एक ईमानदार, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में प्रदेश की सेवा करेंगे।
बलिया के रुपेश यादव ने एसआई भर्ती में प्रदेश में हासिल की 50वीं रैंक, जिले का बढ़ाया मान
Related Posts
Add A Comment

