बेल्थरा रोड, उभाव, बलिया। बलिया पुलिस ने मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 चोरी की बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस ने अभियुक्त राकेश सिंह उर्फ बुच्चन सिंह निवासी राजपुर थाना उभांव को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम शंकरपुर (लेदुरही) स्थित इंडस टावर से 24 सेल वाली अमर राजा बैटरियां चोरी हुई थीं, जिससे क्षेत्र में नेटवर्क सेवा प्रभावित हो गई थी। मुखबिर की सूचना पर उभांव पुलिस ने खन्दवा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन संख्या UP60AT4708 से चोरी की 12 बैटरियां बरामद कीं।
इस कार्रवाई में उ0नि0 रामधारी सोनकर सहित थाना उभांव की पुलिस टीम शामिल रही। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
मोबाइल टावर बैटरी चोरी के मामलों में प्रदेश के कई जिलों में लगातार कार्रवाई हो रही है। हाल के महीनों में बलिया समेत अन्य जिलों में भी पुलिस ने ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई की है।

