भदोही:–प्रधानमंत्री के आह्वान एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद भदोही में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य एवं व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा, सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग कृष्ण कुमार, सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल सहित हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। योग दिवस को जनांदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद के सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक संदेश योगी, डॉ. प्रियंका सिंह तथा अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न स्थलों पर योग सत्र संचालित कर लोगों को योग के लाभों से अवगत कराया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग एवं पर्यावरण के गहरे संबंधों को रेखांकित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री के प्रयासों से वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और योग एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वच्छ एवं हरित वातावरण में योग के लाभ और अधिक बढ़ जाते हैं। इसी दृष्टि से उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी वर्षाकाल में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जी सकता है।
सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश शासन कृष्ण कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान जीवनशैली में स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मा. सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि योग सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का एक अचूक माध्यम है। भारत को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि उसकी प्राचीन योग परंपरा आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग अपनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि निरोगी जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए।
मा. भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने भी लोगों को योग के विविध लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में योग जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए गए। योग दिवस के अवसर पर जनपद का प्रत्येक वर्ग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवन की दिशा में अग्रसर हुआ। उन्होंने कहा कि योग भारत की अतुलनीय विरासत है और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने बताया कि जनपद में योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन व्यापक स्तर पर किया गया। मनरेगा पार्क, खेल मैदान, तालाब, अमृत सरोवर, स्टेडियम, आंगनबाड़ी केंद्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास के साथ-साथ स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। योग सत्र प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों ने सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में, विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुखों एवं खंड विकास अधिकारियों की देखरेख में तथा नगरीय निकायों में नगर अध्यक्षों एवं अधिशासी अधिकारियों के निर्देशन में योग कार्यक्रम संपन्न हुए। पतंजलि योगपीठ, युवक मंगल दल तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद भदोही में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक स्वर में योग को स्वस्थ, समृद्ध और संतुलित जीवन की कुंजी बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित यह महाअभियान जनपद भर में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार करने में सफल रहा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर, आयुष विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
भदोही में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
Related Posts
Add A Comment

