भदोही:–सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार ने रविवार को जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में गंभीर खामियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार ने सर्वप्रथम काशी राज संस्कृति महाविद्यालय, ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया गया। इस दौरान राजकीय निर्माण निगम वाराणसी इकाई द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता अत्यंत खराब पाई गई। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न मिलने पर नोडल अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई और अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिये कि अपनी जांच टीम के साथ हर 15 दिन के अंदर परियोजनाओं का निरीक्षण करती रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त ईंटों के नमूनों को तत्काल किसी अधिकृत एवं मान्यता प्राप्त जांच एजेंसी को भेजकर गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी धन से किए जा रहे निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब गुणवत्ता के निर्माण कार्य कराए जाने के संबंध में शासन को विस्तृत रिपोर्ट एवं पत्र प्रेषित किया जाए, ताकि जिम्मेदार एजेंसियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ निर्माण कार्यों को सुनिश्चित करना है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके पश्चात कृष्ण कुमार ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, गिर्दबड़ा गांव का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने विद्यालय परिसर एवं निर्माण कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग भवन खंड, मिर्जापुर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी निरीक्षण के समय ईंटों की गुणवत्ता जांच से संबंधित संपूर्ण रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
नोडल अधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर शासन की विशेष निगरानी है और जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं, जिससे जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, जिला अर्थ संख्याधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर संख्याधिकारी नीरव सिंह, एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही पर नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार सख्त, खराब ईंट मिलने पर जताई कड़ी नाराजगी
Related Posts
Add A Comment

