दिलदारनगर (गाजीपुर)। प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को दिलदारनगर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारी के निर्देशन में उप निरीक्षक बालेन्दर शर्मा तथा महिला आरक्षी अस्तुति सिंह और निधि सिंह ने नगर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन क्षेत्र एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर आमजन को महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
अभियान के तहत थाना क्षेत्र में गठित एंटी रोमियो टीम ने भी संवेदनशील स्थानों, विद्यालयों एवं बाजारों के आसपास सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की तथा महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है तथा इस दिशा में जागरूकता और सतर्कता दोनों आवश्यक हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत दिलदारनगर में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
Related Posts
Add A Comment

