लखनऊ मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरियों का अपहरण कर उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह की सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इससे पहले अपहृत दो नाबालिग किशोरियों को राजस्थान से सकुशल बरामद कर चुकी है। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार 12 मई को मोहनलालगंज क्षेत्र की एक महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी बेटी की मृत्यु हो चुकी है और उसकी 16 वर्षीय व 12 वर्षीय दो नातिनें उसके साथ रहती हैं। महिला ने आरोप लगाया था कि रायबरेली की एक किशोरी दोनों नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।गौरा पुलिस चौकी प्रभारी सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। विवेचना के दौरान सामने आया कि रायबरेली निवासी प्रिया पटेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों किशोरियों को अपहरण कर राजस्थान पहुंचाया था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि किशोरियों को बेचने की नीयत से वहां ले जाया गया था।इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस की टीम राजस्थान रवाना हुई और अभियान चलाकर दोनों नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की तलाश तेज कर दी।जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह गिरोह पहले भी रायबरेली जिले की दो अन्य नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर उनका सौदा कर चुका है। पुलिस के अनुसार गिरोह सुनियोजित तरीके से किशोरियों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचने का काम करता था।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की सरगना प्रिया पटेल, अनुराग यादव निवासी कोडरस बिजौर थाना मिल एरिया रायबरेली, मोहम्मद अख्तर निवासी कोरिहर थाना गुरुबक्शगंज रायबरेली तथा दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है।एसीपी मोहनलालगंज ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग किशोरियों के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और सतत निगरानी के आधार पर दोनों किशोरियों को राजस्थान से सकुशल बरामद किया गया। जांच में एक अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई, जिसके प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के अन्य संपर्कों और संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं मामले में आगे की जांच जारी है ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

