वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के पास छापेमारी कर करीब 37 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 33 पाउच और 153 पाउच व बोतलें बरामद की गई हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त लड्डु कुमार कौशल कुमार और चन्देश्वर पासवान को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त लड्डु कुमार के कब्जे से 33 पाउच अंग्रेजी शराब (करीब 6 लीटर) बरामद हुई, जबकि कौशल कुमार और चन्देश्वर पासवान के कब्जे से 30.99 लीटर विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस संबंध में थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0254/2026 एवं 0255/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

