सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह।सोनभद्र कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली अब पूरी तरह से डिजिटल, हाईटेक, तेज और अधिक पारदर्शी हो गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के कड़े निर्देशों एवं पहल के चलते कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू कर दिया गया है।इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब शासकीय पत्रावलियों (फाइलों) का संचालन डिजिटल माध्यम से होगा, जिससे फाइलों के निस्तारण में जहाँ अभूतपूर्व तेजी आएगी, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि अब कलेक्ट्रेट में कागजी फाइलों की जगह डिजिटल फाइलों ने ले ली है। ई-ऑफिस प्रणाली के लागू होने से किसी भी फाइल की वर्तमान स्थिति और लोकेशन का पता महज एक क्लिक पर लगाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि विगत एक सप्ताह से वे स्वयं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों पर त्वरित कार्यवाही कर रहे हैं। अब तक 200 से अधिक महत्वपूर्ण फाइलें ई-ऑफिस के जरिए प्रोसेस और निस्तारित की जा चुकी हैं। इस व्यवस्था से फाइलों की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध निस्तारण के साथ-साथ महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में अपार सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पत्रावलियों एवं शासकीय पत्रों का आदान-प्रदान ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों (अनुभागों) से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों और पत्रों को भेजने की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से फाइलों की ट्रैकिंग बेहद आसान हो गई है। अब कोई भी फाइल अनुभागों में बेवजह लंबित नहीं रह सकेगी, जिससे आम जनमानस के कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था अत्यधिक प्रभावी, पारदर्शी व सुदृढ़ बनेगी।
सोनभद्र फाइलों को मिली डिजिटल रफ्तार, कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली पूर्ण रूप से लागू
Related Posts
Add A Comment

