सोनभद्र। 29 मई, 2026 उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में आगामी दो दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग द्वारा 29 और 30 मई को तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। इस आपदा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से ‘हाई अलर्ट’ मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी (DM) चर्चित गौड़ के सीधे निर्देशन में पूरे जनपद में युद्ध स्तर पर व्यापक जागरूकता और सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद सोनभद्र की सभी ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में प्रशासनिक टीमें सक्रिय हो गई हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आपदा से बचाव के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनपद के सभी पंचायत भवनों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों वाले पोस्टर और बैनर चस्पा किए गए हैं। पुलिस विभाग की ‘डायल 112’ गाड़ियों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और टोल प्लाजा के माध्यम से लगातार एनाउंसमेंट करवाकर आमजन को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में गाड़ियों और मुनादी के जरिए लोगों को साफ हिदायत दी जा रही है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले आसमान, पेड़ों और बिजली के खंभों से बिल्कुल दूर रहें। सोनभद्र एक विस्तृत ग्रामीण और कृषि प्रधान क्षेत्र है, जिसे देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किसानों, खेतों में काम करने वाले मजदूरों और पशुपालकों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी मुख्य दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं। आंधी-बारिश शुरू होते ही खेतों या खुले स्थानों से हटकर तुरंत किसी पक्के और सुरक्षित भवन के अंदर चले जाएं। किसी भी परिस्थिति में ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों या ट्रांसफार्मर के नीचे खड़े न हों, क्योंकि यहां वज्रपात का खतरा सबसे अधिक होता है। बिजली चमकने और कड़कने के दौरान मोबाइल फोन, टीवी, फ्रिज और अन्य विद्युत उपकरणों का सावधानी से उपयोग करें या उन्हें प्लग से निकाल दें।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद वासियों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए सुरक्षा ही बचाव का सबसे बड़ा और प्रभावी माध्यम है। सभी नागरिक जनहित में जारी किए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति होने पर तुरंत प्रशासन को 112 (पुलिस सहायता) या 1077 (आपदा राहत हेल्पलाइन) पर सूचना दें। फिलहाल जिला प्रशासन के सभी संबंधित विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं।
सोनभद्र में मौसम विभाग का अलर्ट 29-30 मई को भारी आंधी-तूफान और आसमानी बिजली की आशंका, DM चर्चित गौड़ के निर्देश पर युद्ध स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू
Related Posts
Add A Comment

