ओबरा/सोनभद्र प्राकृतिक सुंदरता और अटूट धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र—ओबरा व डाला के मध्य स्थित सलाईबनवा डम-डम गुफा धाम में सावन के पवित्र महीने के प्रथम सोमवार (03 अगस्त 2026) को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
ऊँचे पहाड़ों और सुरम्य घाटियों के बीच प्राकृतिक गुफा में स्थापित बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए प्रतिदिन हजारों भक्त यहाँ पहुँचते हैं। विशेषकर सावन के रविवार और सोमवार को चोपन स्थित अघोरी घाट से पवित्र सोन नदी का जल भरकर नंगे पांव पदयात्रा करते हुए कांवड़िए व शिवभक्त तड़के जलाभिषेक के लिए धाम पहुँचते हैं, जिससे पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। धरातल पर स्थिति का जायजा लेने पर पाया गया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्थानीय प्रशासन व समिति प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई की व्यवस्था काफी सुदृढ़ की गई है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और छायादार विश्राम स्थल के पुख्ता इंतजाम मौके पर उपलब्ध हैं, जिससे दर्शनार्थियों को काफी राहत मिल रही है। एक तरफ जहाँ पेयजल और सफाई व्यवस्था संतोषजनक है, वहीं दूसरी तरफ धाम तक पहुँचाने वाली मुख्य संपर्क सड़क की बदहाली श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार के मार्ग दुरुस्त व गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देशों के बावजूद सलाईबनवा डम-डम गुफा मार्ग उपेक्षा का शिकार है। लगातार बारिश और रख-रखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। रास्ते पर गहरे कटान और नुकीले गिट्टी-पत्थर बाहर निकल आए हैं। अघोरी घाट से मीलों दूर नंगे पांव जल लेकर आ रहे शिवभक्तों को इस जर्जर व उबड़-खाबड़ रास्ते पर चलने में अत्यधिक कठिनाई और शारीरिक पीड़ा सहन करनी पड़ रही है। ढलान वाले इस बदहाल मार्ग पर बारिश के दौरान जलजमाव और फिसलन से श्रद्धालुओं के चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों और दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि जिला प्रशासन इस मुख्य पहुँच मार्ग की तत्काल मरम्मत करवा दे या कम से कम समतलीकरण (रोलिंग) करा दे, तो कांवड़ियों और अन्य भक्तों की यात्रा सुगम हो जाएगी। श्रद्धालुओं व क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन तथा संबंधित कार्यदायी संस्था से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द कराया जाए।
सोनभद्र सलाईबनवा डम-डम गुफा धाम में सुविधाएं दुरुस्त, लेकिन जर्जर सड़क बनी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मुसीबत
Related Posts
Add A Comment

