पन्नूगंज, सोनभद्र। साइबर अपराधियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस का कड़ा शिकंजा लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम ने एक सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति की फंसी हुई पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए पीड़ित के खाते से उड़े कुल ₹15,000 की संपूर्ण धनराशि उसके मूल बैंक खाते में सुरक्षित वापस करवा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी देवेंद्र कुमार अज्ञात साइबर ठगों के जाल में फंस गए थे। शातिर ठगों ने उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से ₹15,000 की रकम पार कर दी थी। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने बिना समय गंवाए तत्काल इसकी लिखित शिकायत पन्नूगंज थाने में दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग (NCRP) पोर्टल पर प्रकरण का बारीकी से अवलोकन किया। टीम ने सबसे पहले त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते में फ्रॉड की गई धनराशि को होल्ड (फ्रीज) कराया ताकि ठग उसे निकाल न सकें।
इसके बाद ट्रांजैक्शन से जुड़े सभी आवश्यक तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। साइबर टीम ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से ईमेल और आधिकारिक पत्राचार के माध्यम से लगातार समन्वय स्थापित किया। पुलिस के इस प्रभावी और निरंतर प्रयास के फलस्वरूप बैंक ने पूरी प्रक्रिया पूरी कर आवेदक देवेंद्र कुमार की ₹15,000 की संपूर्ण धनराशि उनके मूल खाते में रिफंड कर दी। अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाकर आवेदक देवेंद्र कुमार के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने थाना पन्नूगंज पुलिस और साइबर टीम की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरी टीम के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया। यह सफल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के कड़े निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर शुधीर सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज माधव सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। माधव सिंह प्रभारी निरीक्षक, का0 सूर्या सिंह थाना पन्नूगंज, जनपद सोनभद्र।
साइबर अपराधों से बचने के लिए पन्नूगंज पुलिस ने आम नागरिकों के लिए कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय साझा किए हैंकिसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ फोन, मैसेज या ईमेल पर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी जैसे— व्यक्तिगत पहचान पत्र संख्या, पैन (PAN), बैंक खाता संख्या, नेट बैंकिंग विवरण, पासवर्ड, ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV) अथवा एटीएम कार्ड का पिन आदि कभी भी साझा न करें।
तुरंत करें शिकायतयदि आप किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं, तो घबराएं नहीं। गोल्डन ऑवर (शुरुआती 1-2 घंटे) के भीतर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क कर सहायता लें।
सोनभद्र साइबर ठगों के चंगुल से पन्नूगंज पुलिस ने बचाए पीड़ित के ₹15,000, त्वरित कार्रवाई से खाते में लौटी रकम
Related Posts
Add A Comment

