भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के मशरिक स्थित चटिया गंगा घाट (शहीद बाबा की मजार) के पास बुधवार सुबह तीन दिन से लापता युवक का शव गंगा में उतराया मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान वीरपुर गांव निवासी विनोद राजभर (42 वर्ष) पुत्र सुधु राजभर के रूप में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद राजभर प्रायः गंगा में मछली पकड़ने का कार्य करते थे। वह 31 मई को मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी लगातार तलाश कर रहे थे।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने चटिया गंगा घाट के समीप गंगा में एक शव उतराया देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान विनोद राजभर के रूप में की। इसके बाद शव को गंगा से बाहर निकाला गया तथा पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।
Related Posts
Add A Comment

