खेजुरी, बलिया, 08 जून। स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना खेजुरी पुलिस ने 6 जून को खड़सरा गांव में हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे एवं निशानदेही पर लूट का सामान और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष लालमणि सरोज के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमीना खातून पत्नी अली अहमद निवासी खड़सरा थाना खेजुरी तथा शमीम पुत्र सगीर निवासी उत्तर टोला, कस्बा रेवती को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 6 जून को खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में घर में घुसकर महिलाओं को धमकाकर जेवर और नकदी लूटने की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण से पता चला कि वादी की भाभी अमीना खातून ने अपने भाइयों के साथ मिलकर घटना की साजिश रची थी।
पुलिस पूछताछ में अमीना खातून ने पारिवारिक कलह के चलते अपने भाइयों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिलाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर एक मंगलसूत्र, लॉकेट, मोबाइल फोन का टूटा हुआ सेट तथा 7 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया है। मामले में फरार अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

