सोनभद्र (ब्यूरो दृष्टि उजागर समाचार टाइम्स ) जनपद के हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत चोपन-हाथीनाला मुख्य मार्ग पर बीती रात एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हाथीनाला से करीब 3 किलोमीटर पहले एक अनियंत्रित पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी और भीषण भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर युवक जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात का समय होने के कारण हाईवे पर सन्नाटा था, लेकिन तेज आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। हादसे की भयावहता की सूचना मिलते ही सामाजिक सरोकारों में सदैव अग्रणी रहने वाली टीम निशा बबलू सिंह के सदस्य तत्काल एक्टिव हुए। टीम के सक्रिय सदस्य अभय प्रताप सिंह, मुन्ना भाई, प्रमोद सोनी, राशिद और किसन बिना वक्त गंवाए देर रात ही ग्राउंड जीरो (घटनास्थल) पर पहुंच गए। टीम निशा बबलू सिंह के सदस्यों ने स्थानीय हाथीनाला थाना पुलिस के साथ मिलकर तत्काल राहत कार्य शुरू किया। मौके पर जो भी संभव सहयोग हो सका, टीम के युवाओं ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर किया। इसके बाद तत्काल एम्बुलेंस को बुलाकर मृतक के शव को सम्मानपूर्वक जिला अस्पताल सोनभद्र के लिए रवाना कराया गया।
घटनास्थल पर मिले मोबाइल और दस्तावेजों के जरिए जब फोन के माध्यम से संपर्क साधा गया, तो पता चला कि मृतक चंदौली जिले के रहने वाले थे और वहीं से आ रहे थे। पुलिस ने घटना की आधिकारिक सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही चंदौली में उनके परिवारजन के बीच चीख-पुकार मच गई और रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय नागरिकों और टीम के सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके शोकाकुल परिवारजन को इस असहनीय व अपार दुख को सहने की शक्ति दे। उधर, पुलिस ने अज्ञात फरार पिकअप और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए पिकअप की तलाश की जा रही है।
Related Posts
Add A Comment

