ओबरा/सोनभद्र । ओबरा स्थित आरती चित्र मंदिर के ग्राउंड में आयोजित भव्य प्रदर्शनी मेले में इस बार जलपरी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। अपनी मनमोहक वेशभूषा, आकर्षक मंच सज्जा और जीवंत प्रस्तुति से जलपरी मेले में आने वाले हर दर्शक का भरपूर मनोरंजन कर रही है। बच्चे, युवा और परिवार बड़ी संख्या में इस अनोखे आकर्षण को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। शाम ढलते ही जलपरी के शो के आसपास लोगों का हुजूम जुटने लगता है। दर्शक जलपरी के साथ सेल्फी लेने और यादगार तस्वीरें खींचने के लिए बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। खासकर बच्चों में जलपरी की एक झलक पाने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिससे मेले का माहौल बेहद खुशनुमा और जीवंत बन गया है। मेले का लुत्फ उठाने आए स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जलपरी की आकर्षक प्रस्तुति ने मनोरंजन का दायरा बढ़ाने के साथ-साथ मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए हैं। प्रदर्शनी मेले के प्रबंधक देवेंद्र शुक्ल ने बताया कि दर्शकों को कुछ नया और मनोरंजक अनुभव देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष आकर्षण लोगों को मेले की ओर खींचते हैं और हर उम्र के लोगों का भरपूर मनोरंजन करते हैं। जलपरी के अलावा प्रदर्शनी मेले में लगाए गए विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े झूले, स्वादिष्ट खानपान के स्टॉल और अन्य मनोरंजन के साधन भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। शाम होते ही पूरा मेला परिसर रोशनी से जगमगा उठता है, जहाँ क्षेत्रवासी अपने पूरे परिवार व बच्चों के साथ पहुंचकर मेले का आनंद ले रहे हैं।
ओबरा आरती चित्र मंदिर ग्राउंड के प्रदर्शनी मेले में जलपरी बनी आकर्षण का केंद्र
Related Posts
Add A Comment

