बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार को एलपीजी गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदे दर्जनों सिलेंडर सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और ट्रक चालक व खलासी बाल-बाल बच गए।
चालक कमलेश कुमार ने बताया कि ट्रक बिहार से 342 इंडेन गैस सिलेंडर लेकर अकबरपुर अहियाई स्थित इंडेन गैस गोदाम जा रहा था। रायपुर बाजार में कछुआ मार्ग की ओर मुड़ते समय संकरी सड़क और तीखे मोड़ के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पलट गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही बहरियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सुचारु कराया।
गैस एजेंसी के प्रोपराइटर उमेश सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी गिरे हुए सिलेंडरों की सुरक्षा और लीकेज की जांच कराई गई। जांच में किसी भी सिलेंडर से गैस रिसाव नहीं पाया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए यातायात सामान्य कराया।
एलपीजी सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटा, सड़क और खेत में बिखरे 342 सिलेंडर, बड़ा हादसा टला
Related Posts
Add A Comment

