राबर्ट्सगंज/सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह।
राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मारकुंडी घाटी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। स्वामी हर सेवानंद पब्लिक स्कूल की एक निजी बस का ढलान पर अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने त्वरित सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए अनियंत्रित बस को सड़क किनारे पहाड़ी चट्टान से टकराकर रोक दिया, जिससे बस में सवार दर्जनों स्कूली बच्चों की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, स्वामी हर सेवानंद पब्लिक स्कूल की बस (गाड़ी संख्या UP64 T 2122) विद्यालय की छुट्टी होने के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही बस राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अत्यंत जोखिम भरे और तीव्र ढलान वाले मारकुंडी घाटी के समीप पहुँची, अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। बस के अनियंत्रित होते ही उसमें चीख-पुकार मच गई। घाटी के गहरी खाई की तरफ बढ़ने के खतरे को देखते हुए चालक ने बिना घबराए बस को बाईं ओर स्थित पहाड़ी की चट्टान से टकरा दिया। टक्कर होते ही बस जोरदार झटके के साथ रुक गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के राहगीर और पुलिस तत्काल मौके पर पहुँचे। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। घटना की सूचना पाकर बदहवास हालत में पहुँचे अभिभावकों ने बच्चों को सुरक्षित पाकर ईश्वर का धन्यवाद किया और चालक की सूझबूझ की जमकर सराहना की।
इस घटना के बाद स्कूली बच्चों के अभिभावकों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। मौके पर मौजूद परिजनों ने कहा कि बस की हालत बेहद खटारा है और यह कई साल पुरानी प्रतीत होती है। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रशासन को बसों का मेंटेनेंस पहले से ही दुरुस्त रखना चाहिए था ताकि मासूमों की जान जोखिम में न पड़े। अभिभावकों ने जिला प्रशासन और संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) से पुरजोर मांग की है कि जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों की तत्काल फिटनेस जांच कराई जाए। कई साल पुरानी व मानक विहीन खटारा बसों को सड़कों से हटाकर नई व सुरक्षित बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले विद्यालय प्रबंधनों के खिलाफ सख्त से सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।
मारकुंडी घाटी में अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराई स्कूल बस चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सभी बच्चे सुरक्षित
Previous Articleमहर्षि कश्यप सेवा संस्थान ने लगाया सेवा शिविर
Related Posts
Add A Comment

