मुख्य महाप्रबंधक इं. दूधनाथ के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन, वीआईपी गेस्ट हाउस, अस्पताल व टीटीआई दीपों की रोशनी से हुए आलोकित
वॉइस इंडिया न्यूज
संवाददाता रीना राय
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों तथा निगम मुख्यालय के आदेशों के क्रम में गुरुवार, 17 सितम्बर 2026 की संध्या 07:00 बजे ओबरा ताप विद्युत गृह परिसर में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का अत्यंत भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान विद्युत गृह के प्रमुख प्रशासनिक व आवासीय परिसरों को दीपों की कतारों से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा पावर हाउस क्षेत्र स्वर्णिम आभा से जगमगा उठा। यह आयोजन ओबरा ताप विद्युत गृह के मुख्य महाप्रबंधक इं. दूधनाथ के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत ओबरा ताप विद्युत गृह के कई महत्वपूर्ण भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भव्य दीप प्रज्वलन किया गया। मुख्य रूप से प्रशासकीय भवन , वीआईपी गेस्ट हाउस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, श्रमिक सुविधा केंद्र एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान (TTI) सहित विभिन्न कार्यालय परिसरों को दीपमालाओं से सजाया गया। शाम ढलते ही एक साथ प्रज्वलित हुए सैकड़ों दीपों ने पूरे परिसर को अलौकिक, सुरम्य और प्रकाशमय बना दिया। कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों ने बताया कि आशीर्वाद का दीया अभियान का मुख्य ध्येय समाज में सेवा-भाव, आपसी सद्भाव, स्वच्छता, सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करना है। ओबरा पावर हाउस के अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने एक साथ दीप जलाकर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता जताई और संयंत्र में एक स्वच्छ, सुरक्षित व सकारात्मक कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। संयंत्र के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने बताया कि ओबरा ताप विद्युत गृह निर्बाध विद्युत उत्पादन के अपने प्राथमिक एवं मूल दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ स्वच्छता अभियानों, औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास जैसे सामाजिक उत्तरदायित्वों (CSR) के प्रति भी सदैव तत्पर व प्रतिबद्ध रहता है।
दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर ओबरा ताप विद्युत गृह परिवार के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में उपस्थित रहे और सामूहिक सहभागिता का अनूठा परिचय दिया।

