मनियर (बलिया)। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मनियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घाघरा नदी के किनारे सीमा क्षेत्र में छापेमारी कर लगभग 8,000 लीटर लहन तथा अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टियों को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने घाघरा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध लहन एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टियां बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान कोई भी शराब बनाने वाला व्यक्ति मौके पर नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उपनिरीक्षक ब्रजेश राय, उपनिरीक्षक सुधीर चौहान, हेड कांस्टेबल रवि प्रकाश पाठक सहित पुलिस एवं रिजर्व पुलिस के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

