सोनभद्र
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), क्षेत्रीय मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र में मेघगर्जन, आकाशीय विद्युत (वज्रपात) तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोनभद्र श्री चर्चित गौड़ ने समस्त जनपदवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय विद्युत (बिजली गिरने) की घटनाएं अचानक घटित होती हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही जान-माल के लिए घातक साबित हो सकती है। उन्होंने दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा खराब मौसम, तेज गर्जना अथवा बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, खेतों, पहाड़ियों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे कदापि खड़े न हों। बिजली के खंभों, तारों, ट्रांसफार्मर तथा नदी, तालाब, झरनों एवं अन्य जलाशयों के आसपास जाने से बचें। यदि मौसम अचानक खराब हो जाए या बिजली चमकने लगे, तो तत्काल किसी सुरक्षित पक्के भवन या मकान के भीतर शरण लें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भारत सरकार और मौसम विभाग द्वारा जारी दो प्रमुख सुरक्षा ऐप्स को मोबाइल में इंस्टॉल करने की अपील की इस ऐप के माध्यम से भारी वर्षा, वज्रपात, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित आधिकारिक चेतावनियां समय पर प्राप्त होती हैं, जिससे समय रहते सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। यह ऐप विशेष रूप से आकाशीय विद्युत (वज्रपात) की लोकेशन आधारित पूर्व चेतावनी प्रदान करता है। ऐप पर वज्रपात का अलर्ट प्राप्त होते ही तुरंत खुले स्थानों को छोड़ दें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। समय पर प्राप्त चेतावनी का पालन कर अमूल्य मानव जीवन और पशुधन को बचाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों (लेखपालों), ग्राम सचिवों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों (NGOs) से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को ‘सचेत’ व ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड कराएं और आपदा चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
जिला प्रशासन ने किसी भी आपातकालीन स्थिति या दुर्घटना की सूचना देने के लिए आपदा कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। टोल फ्री नंबर 1077, लैंडलाइन नंबर 05444-297645,
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें आपकी सावधानी ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है।
सोनभद्र आकाशीय विद्युत एवं भारी वर्षा की चेतावनी जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की
Related Posts
Add A Comment

