रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र /अजीत सिंह/(29 जुलाई 2026)। रॉबर्ट्सगंज नगर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के काम में हो रही अत्यधिक देरी और इसके चलते रोजाना लग रहे भीषण जाम को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को सदर विधायक ने निर्माण स्थल पर पहुँचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ओवरब्रिज निर्माण की सुस्त रफ्तार और सुगम वैकल्पिक मार्ग न बनने पर उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण के कारण पूरा शहर ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। मुख्य मार्ग पर यातायात डायवर्जन और खराब रास्तों की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, आपातकालीन मरीजों, राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी और रेलवे प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा रॉबर्ट्सगंज की आम जनता भुगत रही है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के साथ वार्ता करते हुए सदर विधायक ने सुगम यातायात हेतु मेहुड़ी मार्ग को जल्द से जल्द वैकल्पिक रास्ते के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेहुड़ी मार्ग को गड्ढा मुक्त व सुव्यवस्थित कर समयबद्ध तरीके से तैयार किया जाए ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम हो सके और नागरिकों को जाम से मुक्ति मिल सके। सदर विधायक ने रेलवे विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को काम की गति बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। निर्माण कार्यों में हीलाहवाली या गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं होगा। यदि वैकल्पिक मार्ग तैयार करने और आरओबी निर्माण में तेजी नहीं लाई गई, तो जनता के हक के लिए जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर विधानसभा (सदन) तक मुखर होकर मुद्दा उठाया जाएगा।
सोनभद्र रॉबर्ट्सगंज आरओबी निर्माण की धीमी रफ्तार पर भड़के सदर विधायक भूपेश चौबे वैकल्पिक मार्ग में देरी पर अधिकारियों को लगाई फटकार
Related Posts
Add A Comment

