सोनभद्र अजीत प्रताप सिंह। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत मंगलवार को जनपद सोनभद्र के मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। इस विशाल यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया। यह तिरंगा यात्रा तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए बढ़ौली चौराहा तक निकाली गई। यात्रा में शामिल हजारों छात्र-छात्राओं व नागरिकों के हाथों में लहराता तिरंगा और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के गगनभेदी जयघोष से संपूर्ण मार्ग राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अधिकारियों व जनमानस के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर जिले के प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित रहे। डॉ. रमेश कुमार (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) हेमंत कुमार सिंह (जिला विकास अधिकारी) ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया (जिला समाज कल्याण अधिकारी) रविंद्र सिंह (डीसी मनरेगा) सुधांशु शेखर शर्मा (जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी) जयराम सिंह (जिला विद्यालय निरीक्षक) मुकुल आनंद पांडेय (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) विनय कुमार सिंह (अपर जिला सूचना अधिकारी) सभी अधिकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर आम नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना से जुड़ने का आह्वान किया।
विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं में तिरंगा यात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। पूरे यात्रा मार्ग के दौरान बज रहे देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों ने रॉबर्ट्सगंज के वातावरण को पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया। हर घर तिरंगा अभियान-2026 का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना और अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। इस पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र को विशेष रूप से तिरंगे के रंगों और विद्युत झालरों से सजाया गया। प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर की गई आकर्षक सजावट तथा यात्रा में लहराते राष्ट्रीय ध्वज ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा देशभक्ति के रंग में रंगा रॉबर्ट्सगंज
Related Posts
Add A Comment

