गणेश उत्सव में एबीपीएस और एबीआईसी के छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, अनन्या मिश्रा के ग्रुप डांस ने खूब बटोरी तालियां
वॉइस इंडिया न्यूज संवाददाता रीना राय
डाला (सोनभद्र)। अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स डाला के हेलीपैड ग्राउंड में गणेश उत्सव के अवसर पर गणेश जी की प्रतिमा स्थापित कर विद्वान आचार्यों और पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति भगवान की पूजा-पाठ संपन्न कराए जाने के बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटिका एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
15 सितंबर को आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल डाला के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने भगवान गणेश एवं भगवान भोलेनाथ की पौराणिक कथाओं पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इसी क्रम में आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल डाला की कक्षा 8 की छात्रा अनन्या मिश्रा के ग्रुप द्वारा प्रस्तुत डांस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं, 16 सितंबर को आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज डाला के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने नृत्य, अभिनय एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गणेश उत्सव को भक्तिमय एवं मनोरंजक बना दिया। दोनों दिनों के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अभिभावकों, स्थानीय लोगों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स डाला के इकाई प्रमुख संजीव हिवरेकर एवं एचआर हेड डॉ. शशिकांत ने सामूहिक रूप से किया। संचालन सुनील पाण्डेय एवं विवेक मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल डाला के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा तथा आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज डाला के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र पाण्डेय सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
गणेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों की विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हेलीपैड ग्राउंड देर तक भक्ति, आस्था और भारतीय संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया।

