मरदह (गाजीपुर)। मरदह बाजार से विकासखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की मुख्य सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उनमें भरा बारिश का पानी राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं और मरीज इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन जर्जर सड़क के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बरसात के चलते सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों के कपड़े, जूते और बैग तक कीचड़ से खराब हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे इसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई।
विडंबना यह है कि इसी सड़क पर क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय और शिक्षण संस्थान स्थित हैं। इनमें विकासखंड अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कार्यालय, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, आजीविका मिशन कार्यालय, कृषि उपकेंद्र, बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पशु चिकित्सालय, इंडेन गैस एजेंसी, इंटर कॉलेज और महाविद्यालय शामिल हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन गर्भवती महिलाएं, गंभीर मरीज और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मरीजों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते के झटकों से उनकी पीड़ा और बढ़ जाती है।
स्थानीय निवासी गोलू, रामनिवास, रोशन, महेंद्र और अजय ने जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।:::
विकासखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील मार्ग से गुजरना बना जोखिम
Related Posts
Add A Comment

