सोनभद्र। । जनपद सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मैरहवा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बच्चों को लेकर जा रहा एक निजी स्कूल का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे तालाब में पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक मासूम स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन लिटिल एंजेल प्राइवेट विद्यालय का बताया जा रहा है, जिसमें क्षमता से अधिक लगभग 15 से 20 बच्चे सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति काफी तेज (हाई स्पीड) थी। मैरहवा गांव के समीप चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे अनियंत्रित होकर स्कूली वाहन सीधे पास के तालाब में जा पलटा। हादसे के तुरंत बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्काल तालाब में उतरकर मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की इस त्वरित तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में घायल हुए आधा दर्जन से अधिक बच्चों को ग्रामीणों व स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बभनी पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बदहवास अभिभावक भी अस्पताल व मौके पर पहुँच गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और वाहन चालक की लापरवाही को लेकर जांच की जा रही है।


