ओबरा (सोनभद्र) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) पूर्वी क्षेत्र-2 मुख्यालय प्रयागराज के उप महानिरीक्षक (DIG) मनीष सिंह ने ओबरा तापीय विद्युत परियोजना स्थित सीआईएसएफ इकाई का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की और बल के जवानों का हौसला बढ़ाया। इसके साथ ही, ओबरा (स) तापीय विद्युत परियोजना में नवनिर्मित सीआईएसएफ अग्निशमन शाखा (फायर स्टेशन) का भव्य लोकार्पण भी किया गया। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उप महानिरीक्षक मनीष सिंह ने ओबरा ताप विद्युत परियोजना में सीआईएसएफ की तैनाती वाले संपूर्ण संवेदनशील क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सुरक्षा के बदलते आयामों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बल के सदस्यों को समसामयिक चुनौतियों से अवगत कराया। वर्तमान समय में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के सामने नई चुनौतियां हैं। हमें तकनीक और मुस्तैदी के तालमेल से हर खतरे से निपटने के लिए सदैव तैयार रहना होगा।
( मनीष सिंह, डीआईजी -CISF)
डीआईजी ने सुरक्षा को अभेद्य बनाए रखने के लिए अधिकारियों और जवानों को कई अहम दिशा-निर्देश और रणनीतिक तरीके भी सिखाए। निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत में श्री सिंह ने सीआईएसएफ इकाई के आवासीय परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उन्होंने जवानों के रहन-सहन और भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इकाई परिसर में पौधारोपण किया। जवानों के साथ आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने बल सदस्यों की समस्याओं को सुना और देश की आंतरिक सुरक्षा व ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरे का एक मुख्य आकर्षण ओबरा (स) तापीय विद्युत परियोजना में नवनिर्मित सीआईएसएफ अग्निशमन स्टेशन का उद्घाटन रहा। डीआईजी मनीष सिंह ने फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर इस नए फायर स्टेशन का लोकार्पण किया। यह आधुनिक फायर स्टेशन परियोजना को किसी भी प्रकार की अग्निकांड जैसी आपातकालीन स्थितियों से सुरक्षित रखने में बेहद मददगार साबित होगा।
यह गरिमामयी कार्यक्रम सीआईएसएफ यूनिट ओबरा के कमांडेंट सतीश कुमार सिंह और ओबरा तापीय विद्युत परियोजना के महाप्रबंधक (सिविल) अजय कुमार राय की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर सहायक कमांडेंट (संयंत्र) ए.के. नारा, सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो, निरीक्षक सचिन कुमार निराला, निरीक्षक महेश सिंह यादव, निरीक्षक राकेश कुमार, निरीक्षक हुपेंद्र कुमार सहित सीआईएसएफ इकाई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में बल के जवान मौजूद रहे।
डीआईजी सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र-2 ने ओबरा तापीय विद्युत परियोजना का किया वार्षिक निरीक्षण नवनिर्मित अग्निशमन स्टेशन का लोकार्पण
Related Posts
Add A Comment

