फेफना, बलिया। पुलिस अधीक्षक बलिया के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेफना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने अपहरण मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, थाना फेफना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 16 जुलाई 2025 को थाना फेफना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री को गांव के ही किसन राजभर पुत्र वीरबल राजभर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मामले में थाना फेफना पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़िता की बरामदगी एवं बयान के आधार पर अभियुक्त किसन राजभर के साथ गणेश यादव का नाम भी प्रकाश में आया, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।
सोमवार को थाना फेफना पुलिस टीम फेफना तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त गणेश यादव नरही-चितबड़ागांव मोड़ पर वाहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त गणेश यादव पुत्र जयराम यादव निवासी ग्राम कंझरूआ, पिपरी थाना डुमराव जनपद बक्सर, बिहार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम कुमार वर्मा, कांस्टेबल रवि यादव तथा आरक्षी गौतम वर्मा शामिल रहे।
Related Posts
Add A Comment

