गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने गाजीपुर, चंदौली सहित पूरे पूर्वांचल के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही महाराजगंज (गाजीपुर)–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पत्र में बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-97) के अंतर्गत प्रस्तावित लगभग 41.6 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को वर्ष 2019-20 में स्वीकृति प्रदान की गई थी। यह महत्वाकांक्षी परियोजना चंदौली जनपद के 39 तथा गाजीपुर जनपद के 21 गांवों से होकर गुजरेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने पर गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर सहित बिहार के लाखों लोगों को बेहतर और सुगम सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, दूरी घटेगी तथा क्षेत्र में आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
सांसद ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे पूर्वांचल के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से व्यापार, निवेश, रोजगार और परिवहन के नए अवसर सृजित होंगे तथा आमजन को आधुनिक सड़क अवसंरचना का लाभ मिलेगा। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए परियोजना के लिए शीघ्र बजट आवंटित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि पूर्वांचल के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए वे लगातार संसद और विभिन्न मंत्रालयों के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं को उठाती रही हैं। सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी है।
इस संबंध में केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने सांसद को परियोजना पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों में परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
महाराजगंज–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर सांसद डॉ. संगीता बलवंत सक्रिय, नितिन गडकरी से की शीघ्र बजट आवंटन की मांग
Related Posts
Add A Comment

